home page

‘सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन’ अभियान में न्यायिक अधिकारियों ने किया प्रतिभाग

 | 
‘सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन’ अभियान में न्यायिक अधिकारियों ने किया प्रतिभाग


चंपावत, 30 मई (हि.स.)। बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच चंपावत में न्यायिक अधिकारियों ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया। सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन अभियान के तहत जिला जज समेत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने पैदल चलकर आमजन को जागरूक किया।

अभियान के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुज कुमार संगल अपने आवास से जिला न्यायालय तक पैदल पहुंचे। उनकी इस पहल से प्रेरित होकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका मित्तल गुप्ता, अधिवक्ता राजेन्द्र सिंह रैंस्वाल एवं विद्याधर जोशी, पराविधिक स्वयंसेवक गोपाल चन्द्र पाण्डेय, राजेन्द्र जोशी, दीपक सिंह चौधरी, तनुजा पाण्डेय, गीता भट्ट, मोहिनी, कविता सहित न्यायालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पैदल चलकर अभियान में सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला जज अनुज कुमार संगल ने कहा कि तेजी से बढ़ती ईंधन खपत और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और ईंधन की बचत समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए वाहनों का उपयोग कम करने, पैदल चलने अथवा साइकिल का प्रयोग करने और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े पराविधिक स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। स्वयंसेवकों ने आम लोगों को ईंधन बचत के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

न्यायिक अधिकारियों की इस पहल को लोगों ने सराहनीय बताते हुए इसे समाज में सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। अभियान का उद्देश्य लोगों को ईंधन बचत के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना भी रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी