home page

चंपावत में सड़क हादसे में होटल व्यवसायी की मौत

 | 
चंपावत में सड़क हादसे में होटल व्यवसायी की मौत


चम्पावत, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद के मादली क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में होटल व्यवसायी देव सिंह रावत की मौत हो गई। हादसा अपेक्स स्कूल के समीप उस समय हुआ, जब दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिरकर वहां से गुजर रहे कैंटर की चपेट में आ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना शाम करीब 4:30 बजे हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए देव सिंह रावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

बताया गया है कि देव सिंह रावत चम्पावत के गौरलचौड़ रोड पर मास्टर शेफ नाम से होटल संचालित करते थे। दुर्घटना की सूचना भाजपा नेता कैलाश अधिकारी ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

मृतक मूल रूप से सल्ली क्षेत्र के निवासी थे। स्थानीय लोगों के अनुसार उनकी पत्नी का करीब दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। अब उनके निधन के बाद परिवार में दो छोटे बच्चे रह गए हैं। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद हुआ, हालांकि दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी