home page

बनबसा में 25 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

 | 
बनबसा में 25 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


चम्पावत, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनबसा के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सौरव यादव उर्फ खुक्का को 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, 1,500 रुपये नेपाली मुद्रा तथा 1,900 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एसओजी टीम ने बनबसा क्षेत्र में पंपापुर से नई बस्ती की ओर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने सौरव यादव उर्फ खुक्का को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 ग्राम स्मैक बरामद की।

पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध थाना बनबसा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 से अब तक आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य आपराधिक धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के साथ हेड कांस्टेबल नासिर हुसैन, कांस्टेबल ललित चौधरी, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल रेखा भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी, खरीद-फरोख्त अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी