home page

तीन दशक की विकास यात्रा के बाद चम्पावत के भविष्य पर हुआ मंथन

 | 
तीन दशक की विकास यात्रा के बाद चम्पावत के भविष्य पर हुआ मंथन


तीन दशक की विकास यात्रा के बाद चम्पावत के भविष्य पर हुआ मंथन


चंपावत, 15 सितंबर (हि.स.)। जनपद के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों, उपलब्धियों, संभावनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, पत्रकारों, भूतपूर्व सैनिकों और विभागीय अधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, चम्पावत विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद केक काटकर जनपद की 29वीं वर्षगांठ मनाई गई।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चम्पावत में विकास के साथ नवाचार और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया जा रहा है। पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र, ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्रों में सौर ऊर्जा व्यवस्था, दूरस्थ क्षेत्र खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने और जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जैसी पहल का उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने छमनियां लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में साइंस सेंटर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, टनकपुर आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को भविष्य के विकास से जोड़ा।

ग्राम प्रधान भिंगराड़ा गीता भट्ट ने पिरूल ब्रिकेट यूनिट के माध्यम से महिलाओं को मिले रोजगार और स्वरोजगार के अनुभव साझा किए। व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, प्रगतिशील किसान रघुवर मुरारी, सहकारी कृषि से जुड़े किसान राकेश उपाध्याय और पत्रकार पंकज पाठक ने भी जिले के विकास को लेकर सुझाव रखे।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि चम्पावत ने विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है और आने वाले समय में कई बड़ी परियोजनाओं का लाभ जिले को मिलेगा। दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, खेल और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।

संघर्ष समिति अध्यक्ष बसंत तड़ागी ने कहा कि विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं को विकास योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सीएचओ योगेश भट्ट सहित भूतपूर्व सैनिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी