home page

छह माह तक गैस बुक नहीं कराई तो लॉक हो सकता है कनेक्शन

 | 
छह माह तक गैस बुक नहीं कराई तो लॉक हो सकता है कनेक्शन


चंपावत, 11 जुलाई (हि.स.)। जनपद में बड़ी संख्या में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी पूरी नहीं कराई है या लंबे समय से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं की है, उन्हें भविष्य में गैस आपूर्ति और बुकिंग संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को सतर्क करते हुए समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि गैस एजेंसियों में ई-केवाईसी की प्रक्रिया लगातार संचालित की जा रही है, लेकिन अभी भी कई उपभोक्ताओं का सत्यापन कार्य लंबित है। ऐसे उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर ई-केवाईसी करानी चाहिए।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं ने छह माह या उससे अधिक समय से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराई है, उनके कनेक्शन निष्क्रिय या अस्थायी रूप से लॉक हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन बुकिंग सुविधा प्रभावित हो सकती है और उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने में परेशानी उठानी पड़ सकती है।

अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने की शिकायत करते हैं, जबकि इसके पीछे लंबे समय से बुकिंग न होना या आवश्यक अभिलेखों का अद्यतन न होना प्रमुख कारण पाया जाता है। ऐसे उपभोक्ताओं को सीधे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर कनेक्शन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से नियमित रूप से गैस बुकिंग करने, समय पर ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि इससे गैस वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुचारु बनेगी तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से घरेलू गैस उपलब्ध होती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी