नशे के खिलाफ कार्रवाई, हेरोइन समेत आरोपित दबोचा
चम्पावत, 20 अगस्त (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा थाना पुलिस ने 24.77 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी थानाध्यक्ष बनबसा सुरेंद्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके आवास के निकट से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रोहन लाल (58) पुत्र इतवारी लाल, निवासी वार्ड संख्या-04, मीना बाजार झोपड़पट्टी, थाना बनबसा, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 24.77 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच भी कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह विष्ट, हेड कांस्टेबल एजाज अहमद, हेड कांस्टेबल नईम अहमद, महिला कांस्टेबल चन्द्रा आर्या तथा कांस्टेबल मदन सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आमजन से नशे की तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में 112 तथा नशे से संबंधित शिकायतों के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

