एक किलो से अधिक चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चम्पावत, 4 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.490 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एसओजी और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने देवीधार-पंचेश्वर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पल्सर मोटरसाइकिल संख्या यूके-03सी-8125 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लोहाघाट में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आयुष चंद्र आर्य (22) निवासी छतार, चम्पावत तथा सौरव टम्टा (20) निवासी नसखोला, थाना पंचेश्वर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बरामद चरस स्थानीय स्तर पर तैयार की गई थी और उसे चम्पावत में एक व्यक्ति को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार बरामद चरस के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, अपर उपनिरीक्षक संजय जोशी, हेड कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, तपेंद्र जोशी तथा कांस्टेबल उमेश राज, ललित चौधरी, राजकुमार और सूरज कुमार शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री की सूचना तत्काल हेल्पलाइन 1933, 112 या नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

