home page

खेत में किसानों के साथ उतरे डीएम, मडुआ की फसल की कराई क्रॉप कटिंग

 | 
खेत में किसानों के साथ उतरे डीएम, मडुआ की फसल की कराई क्रॉप कटिंग


चंपावत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। विकासखंड चम्पावत के शक्तिपुर बूंगा गांव में बुधवार को मडुआ की फसल की क्रॉप कटिंग की गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर फसल कटाई का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के साथ खेत में हंसिया चलाकर मडुआ की कटाई भी की और किसानों से खेती की स्थिति तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 वर्गमीटर क्षेत्र में खड़ी मडुआ की फसल काटी। इसके बाद फसल की मड़ाई और तौल की गई। प्राप्त उपज के आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन का आकलन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्रॉप कटिंग के आंकड़े पारदर्शिता और पूरी सावधानी के साथ दर्ज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मौके पर ही क्रॉप कटिंग से संबंधित आंकड़े, फोटो और वीडियो सीसीई एग्री ऐप पर अपलोड कराने को कहा। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के सही आंकड़े तैयार करना जरूरी है, क्योंकि प्राकृतिक आपदा अथवा मौसम से फसल को हुए नुकसान के आकलन और फसल बीमा के दावों में भी इनका उपयोग होता है।

जिलाधिकारी ने किसानों से किसान पंजीकरण और डिजिटल रजिस्ट्री कराने की अपील की। उन्होंने तैयार धान को सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने को कहा।

इस दौरान एसडीएम बीसी पंत, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, भू-संरक्षण अधिकारी नारायण सिंह, राजस्व विभाग के कर्मचारी, ग्राम प्रधान सहित स्थानीय किसान और कृषक महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी