home page

डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, चम्पावत में तीन दिवसीय प्रशिक्षण

 | 
डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, चम्पावत में तीन दिवसीय प्रशिक्षण


चंपावत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुई। इस कार्यशाला में चार्ज अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से जनगणना करने की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मास्टर ट्रेनर शिव कुमार ने बताया कि आगामी जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल ऐप के जरिए सीधे आंकड़े दर्ज करेंगे, जबकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इससे डेटा संग्रहण में अधिक सटीकता और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।

जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकानों का सूचीकरण और गणना की जाएगी। दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगा, जिसमें जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। नागरिकों को 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के बीच वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जियो टैगिंग, वेब मैपिंग, मोबाइल ऐप संचालन और रिपोर्टिंग प्रणाली से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया। सहायक निदेशक अरविंद कुमार, हिमांशु सिंह जंतवाल और भवेश धीमान ने प्रतिभागियों को जनगणना की नई डिजिटल व्यवस्था और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में अवगत कराया।

प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल प्रणाली से जनगणना प्रक्रिया अधिक तीव्र, प्रभावी और विश्वसनीय बनेगी। इससे विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे, जो बेहतर नीति निर्माण में सहायक होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी