home page

नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही गांजे की खेप पकड़ी

 | 
नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही गांजे की खेप पकड़ी


नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही गांजे की खेप पकड़ी


चम्पावत, 10 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बनबसा चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े तीन किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ और आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

एसएसबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को बनबसा चेकपोस्ट पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक व्यक्ति के प्लास्टिक बैग को स्कैनर से जांचा गया। जांच के दौरान बैग में संदिग्ध सामग्री मिलने पर तलाशी ली गई, जिसमें करीब 3.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान जमीर पुत्र वसीम के रूप में बताई। उसने बताया कि गांजा नेपाल के महेंद्रनगर निवासी एक व्यक्ति से खरीदा गया था और उसे दिल्ली ले जाकर बेचने की योजना थी।

एसएसबी के सहायक कमांडेंट रामचंद्र ने बताया कि आरोपी को बरामद गांजे के साथ बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक कमांडेंट रामचंद्र, सहायक उप निरीक्षक जगत राम, कांस्टेबल संदीप कुमार, राजकुमार, पूर्णानंद पांडेय, सूर्यकांत उपाध्याय तथा महिला कांस्टेबल प्रीति साहू और लक्ष्मी कार्की शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी