home page

चमोली में 17 सितंबर से चलेगा सेवा संकल्प अभियान

 | 
चमोली में 17 सितंबर से चलेगा सेवा संकल्प अभियान


चमोली, 15 सितंबर (हि.स.)। चमोली जिले में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी को अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से जिले में जनकल्याणकारी एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रमुख स्थलों, अमृत सरोवरों और जनऔषधि केंद्रों पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत 17 सितंबर से आठ अक्टूबर तक विकसित भारत@2047 तथा सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।

शैक्षणिक संस्थानों में ‘सेवा कार्य’ के तहत नाट्य मंचन और पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत पोषण, टीकाकरण और मातृ-शिशु कल्याण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण और अन्य सामुदायिक गतिविधियां की जाएंगी। इसके अलावा ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम भी होंगे।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्वदेशी और खादी को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं, फिट इंडिया गतिविधियों तथा विकसित भारत के संकल्प पर भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं होंगी।

बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण