home page

गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

 | 
गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश


गोपेश्वर, 27 जुलाई (हि.स.)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जल संस्थान को गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जल भंडारण क्षमता बढ़ाने, समर्पित पेयजल परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने और पुलिस बैरक के लिए अलग पेयजल लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को भराड़ीसैंण हेलीपैड के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्री वॉल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग और जिला पंचायत को विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यकता के अनुसार मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने तथा स्थायी शौचालयों के निर्माण का कार्य समय पर पूरा करने को कहा। वहीं, शिक्षा विभाग को संबंधित विद्यालयों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्ति विभाग,पुलिस विभाग,लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विधानसभा सत्र का सफल एवं सुचारु संचालन हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार,मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी,अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश,परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल