चैत्र नवरात्र शुरू, श्रद्धा और उल्लास के साथ मंदिरों में उमड़ी भीड़
देहरादून, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में भी चैत्र नवरात्र का पर्व गुरुवार से श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया। राज्यभर के मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और घटस्थापना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है।
चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया। भक्तों ने सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की, जिससे पूरे प्रदेश में भक्तिमय माहौल बना रहा। देहरादून के संतला देवी मंदिर, काली मंदिर, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर और माया देवी मंदिर के साथ ही धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखी गईं। ऋषिकेश, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जिलों के मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। हरिद्वार में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
पंडित सुभाष जोशी ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होने वाले नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है और पहले दिन कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है। प्रशासन की ओर से प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
.
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

