home page

केंद्रीय दल ने की एसआईआर की समीक्षा

 | 
केंद्रीय दल ने की एसआईआर की समीक्षा


पौड़ी गढ़वाल, 25 जून (हि.स.)। जनपद मुख्यालय के कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 के तहत संचालित पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग से आए केंद्रीय दल ने जनपद में चल रहे कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम एफआर चौहान ने केंद्रीय दल को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन, बीएलओ द्वारा किए जा रहे क्षेत्रीय कार्यों व जनजागरुकता गतिविधियों की जानकारी दी। भारत निर्वाचन आयोग के अवर सचिव अभिषेक तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड व विशेष रूप से पौड़ी जनपद में एसआईआर 2026 का कार्य संतोषजनक ढंग से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर उनके कार्यवृत्त, फोटोग्राफ एवं अन्य अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं जिससे आयोग को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से अभियान की समाप्ति तक पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का भी आह्वान किया। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ गबर सिंह, संगीता रावत एवं विजय बिष्ट को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर निर्वाचन आयोग के अनुभाग अधिकारी गोपाल कृष्ण चहर, सहायक अनुभाग अधिकारी प्रकाश सिंह, एसडीएम गौरी प्रभात आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह