home page

उत्तराखंड में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू

 | 
उत्तराखंड में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू


-हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के तहत घर-घर सर्वे, हेल्पलाइन 1855 जारी

देहरादून, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ का शनिवार से औपचारिक शुभारंभ हो गया। इसके तहत राज्यभर में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर भवनों और परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र कर रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस चरण में प्रत्येक भवन और मकान का सूचीकरण किया जाएगा। साथ ही उनमें निवास कर रहे परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी संकलित की जाएगी। यह आंकड़े राज्य में विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आधार तैयार करेंगे।

राज्य के विभिन्न जनपदों एवं क्षेत्रों में जनगणना कार्य उत्साहपूर्वक प्रारंभ हो चुका है। अल्मोड़ा जनपद के कंखोला (हवालबाग) क्षेत्र में सुपरवाइजर तारा दत्त भट्ट एवं प्रगणक भगवत सिंह बगड़वाल द्वारा जनगणना कार्य किया गया। इसी प्रकार लक्ष्मेश्वर वार्ड, नगर निगम अल्मोड़ा में प्रगणक श्री दीपक सिंह ने भवन स्वामी श्रीमती विद्या कर्नाटक के यहाँ जनगणना कार्य संपादित किया।

जनपद रुद्रप्रयाग, तहसील प्रतापनगर के सुदूरवर्ती गांव गोदड़ी में भी टीम द्वारा उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य प्रारंभ किया गया। तहसील खटीमा में भी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर भवन चिन्हांकन एवं गणना कार्य पूरी निष्ठा और लगन के साथ किया जा रहा है।

जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए राज्य में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 संचालित किया गया है। यह सेवा सोमवार से शुक्रवार, प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। प्रशासन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में भागीदारी निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय