home page

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न

 | 
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न


देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हुआ। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से आयोजित प्रशिक्षण 05 से 08 अक्टूबर तक वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के साइंटिस्ट्स हॉस्टल में हुआ।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन मास्टर ट्रेनर्स को फील्ड विजिट कराया गया। इस दौरान उन्हें जनसंख्या गणना की कार्यप्रणाली, विभिन्न परिस्थितियों में कार्य संपादन और मैदानी स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

फील्ड विजिट के बाद प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों और विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के अनुभव, सुझाव और महत्वपूर्ण इनपुट लिए गए तथा उनकी शंकाओं और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया गया। आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्राप्त जानकारी को प्रभावी ढंग से साझा करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया।

समापन अवसर पर निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन में मास्टर ट्रेनर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उनसे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करते हुए संबंधित अधिकारियों और गणना कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने तथा जनगणना कार्य में शुद्धता, एकरूपता और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव एवं संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सभी मास्टर ट्रेनर्स को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से आगामी चरणों के लिए प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय