सीएयू ने बागेश्वर जिला क्रिकेट एसोसिएशन से मांगा स्पष्टीकरण, छह खिलाड़ियों पर रोक
देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने बागेश्वर जिला क्रिकेट एसोसिएशनसे सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही संगठन ने 6 से 7 खिलाड़ियों पर तत्काल प्रभाव से क्रिकेट खेलने पर रोक लगा दी है।
सीएयू की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, संबंधित खिलाड़ियों के जन्म प्रमाण-पत्रों में आयु संबंधी विसंगतियां और आवश्यक दस्तावेजों में कमियां पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सीएयू ने स्पष्ट किया है कि भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार खिलाड़ियों की पात्रता की दोहरी जांच अनिवार्य है। प्रतिबंधित खिलाड़ियों में हितेश नौला, गोल्डी मलिक, अजय राणा,निखिल भट, पारधी डिंपल और विशाल सहित अन्य खिलाड़ी शामिल बताए जा रहे हैं।
सीएयू ने चेतावनी दी है कि यदि जिला संघ की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो इन खिलाड़ियों पर दीर्घकालिक प्रतिबंध लगाया जा सकता है। साथ ही जिला संघ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। संगठन ने कहा कि यह कदम उत्तराखंड क्रिकेट में पारदर्शिता बनाए रखने और खेल की शुचिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

