जातिवादी राजनीति की कोशिश देवभूमि के साथ प्रदेश कांग्रेस का विश्वासघात : तीरथ
देहरादून, 06 सितंबर (हि.स.)। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने जातिवादी राजनीति की कोशिशों को देवभूमिवासियों के साथ प्रदेश कांग्रेस का विश्वासघात बताया है। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को सच्चा साबित करने के लिए उत्तराखंड को झूठा साबित करने पर तुले हैं। उन्होंने इसे राज्य का माहौल और छवि खराब करने की गंभीर साजिश बताते हुए कठोर शब्दों में निंदा कर सभी से सद्भाव की अपील की है।
उन्होंने बयान जारी कर, विगत कई सप्ताह से उत्तराखंड के स्वभाव के विपरीत राज्य के माहौल को जातिवादी स्वरूप देने की कोशिशों की सख्त आलोचना की है। हैरानी जताते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को क्या हो गया है? क्या उनके लिए सत्ता हासिल करना देवभूमि की समरसता से अधिक हो गया है? जो तथाकथित प्रकरण हुआ ही नहीं क्यों उसपर झूठ फैला रहे हैं? क्यों वे राहुल और खड़गे को राज्य की छवि खराब करने से रोकते नहीं हैं।
इसी क्रम में हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा दलित सम्मान के नाम पर की जा रही राजनीति पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि दूसरों को दलित सम्मान का पाठ पढ़ाने से पहले अपने इतिहास, अपने नेताओं और कांग्रेस शासित राज्यों में दलितों से जुड़े मामलों का जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड की भाजपा सरकार प्रत्येक नागरिक के सम्मान, समान अधिकार और कानून के निष्पक्ष शासन के लिए प्रतिबद्ध है। हल्द्वानी प्रकरण में भी सरकार का स्पष्ट रुख है कि किसी भी व्यक्ति की सामाजिक गरिमा से समझौता नहीं होना चाहिए और किसी भी शिकायत पर तथ्यों, जांच तथा संवैधानिक प्रक्रिया के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि यदि वे वास्तव में दलित सम्मान को लेकर गंभीर हैं तो वे कांग्रेस के अपने नेताओं और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों से जुड़े उन मामलों पर भी जवाब दें। उन्हें बाबू जगजीवन राम जैसे वरिष्ठ दलित नेता के राजनीतिक दौर से लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान से जुड़े कांग्रेस के इतिहास तक, अपने स्याह अतीत पर जवाब देना चाहिए।
बताना चाहिए क्यों राजस्थान में दलित जिला अध्यक्ष, केरल में महिला दलित विधायक और हरियाणा विधानसभा में दलित सिख विधायक के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार कांग्रेस के लोगों द्वारा किया गया? लिहाजा उन्हें दलित सम्मान को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय कांग्रेस के भीतर और कांग्रेस शासित राज्यों में उठे सवालों का भी जवाब देना चाहिए।
जहां तक उत्तराखंड का सवाल है तो यहां भाजपा सरकार में कानून का राज है और हर नागरिक के सम्मान, अधिकार और न्याय की रक्षा के लिए सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

