वन विभाग ने अवैध लकड़ी से भरा वाहन पकड़ा
पौड़ी गढ़वाल, 04 अगस्त (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की टीम ने पश्चिमी अमेली रेंज, दमदेवल में अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। वाहन को मौके पर ही सीज कर लिया गया है, जबकि मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने साफ किया है कि वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि मंगलवार को वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ग्वाड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति बिना वैध परिवहन पास के लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पश्चिमी अमेली रेंज, दमदेवल के वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक वाहन को रोककर उसकी जांच की। जांच में वाहन में ले जाई जा रही लकड़ी के संबंध में कोई वैध परिवहन पास या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वन विभाग ने नियमानुसार वाहन को सीज कर कब्जे में ले लिया और भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। डीएफओ ने बताया कि गढ़वाल वन प्रभाग में वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जंगलों में अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी रोकने के लिए नियमित गश्त, सघन निगरानी और मुखबिर तंत्र को लगातार सक्रिय रखा गया है। कहा कि वन कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

