मानसून के बाद युद्धस्तर पर होगा सड़कों का सुधार, मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्ययोजना के निर्देश
देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने तथा मानसून समाप्त होते ही सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है।
धामी ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य एक साथ शुरू किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभाग अभी से सभी तैयारियां पूरी कर लें और निविदा प्रक्रिया समय से पूरी करें, ताकि बारिश खत्म होने के बाद निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों के सुधार के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाया जाए और इसके लिए निकायों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुगम सड़क व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

