कुमाऊ नवाचार की झलक, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए 24 स्टार्टअप आइडिया
नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के एमआईईटी द्वारा आयोजित बिजनेस समिट में उद्यमिता, स्टार्टअप व बूटकैंप से संबंधित विविध विषयों पर सत्र आयोजित हुए, जिसमें महाविद्यालय, शोधार्थियों तथा विद्यालयी विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता कर अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
समिट के अंतर्गत आयोजित बूटकैंप एवं विद्यालय स्तरीय विचार प्रस्तुति सत्र में 24 अभिनव व्यावसायिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार नैनीताल के छात्र शिवा, अनय अग्रवाल व प्रत्युष बिष्ट ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर निर्णायकों को प्रभावित किया और 2500 की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि नवाचार और उद्यमिता वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपने कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों में सहभागिता बढ़ाने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

