home page

भूस्खलन की चपेट में आई बस, तीन घंटे तक फंसे रहे यात्री

 | 
भूस्खलन की चपेट में आई बस, तीन घंटे तक फंसे रहे यात्री


भूस्खलन की चपेट में आई बस, तीन घंटे तक फंसे रहे यात्री


नई टिहरी, 27 सितंबर (हि.स.)। बीते दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते प्रतापनगर के बिजपुर-पनियाला मोटर मार्ग पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हो गया। रविवार को अपराह्न एक बजे लंबगांव से भैंतला खाल जा रही बस किलोमीटर 4 के पास सड़क पर आए भारी मलबे में फंस गई। बस सड़क से बाहर जाने से बाल-बाल बची। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

वहीं परिचालक ने बस के पिछले टायरों के नीचे पत्थर लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया। यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद चालक-परिचालक समेत सभी लोगों ने राहत की सांस ली। भूस्खलन जारी रहने और करीब तीन घंटे तक जेसीबी के मौके पर नहीं पहुंचने से चालक-परिचालक व यात्रियों में दहशत बनी रही।

क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेश नेगी और सुरेंद्र सिंह नेगी ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित विभाग को अवगत कराते हुए जेसीबी भेजने के निर्देश दिए। नेगी ने आपदा प्रबंधन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार बारिश के दौरान संवेदनशील मोटर मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना तत्काल दिए जाने के बावजूद जेसीबी पहुंचने में देरी हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी