home page

भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर बस हादसा, 14 यात्री घायल

 | 
भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर बस हादसा, 14 यात्री घायल


नैनीताल, 22 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपाखी के समीप बुधवार सायं एक बस दुर्घटना हो गयी। यहां अल्मोड़ा से हल्द्वानी आ रही सैलानियों से भरी केमू बस अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। दुर्घटना में 14 यात्री घायल हो गए। इनमें राजस्थान, कोलकाता और पंजाब के लोग भी शामिल बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जो अल्मोड़ा में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान बस पैरापिट पर टकराकर एक तरह से फट सी गयी। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत पांच घायलों को गंभीर स्थिति के चलते हल्द्वानी स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए संदर्भित किया, जबकि अन्य का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी