home page

खड़गे के बयान पर भड़की भाजपा, चंद्राचार्य चौक पर फूंका पुतला

 | 
खड़गे के बयान पर भड़की भाजपा, चंद्राचार्य चौक पर फूंका पुतला


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध की गई बयानबाजी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हरिद्वार में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।

भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं। उनके विरुद्ध कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की अमर्यादित एवं आपत्तिजनक बयानबाजी राजनीतिक हताशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना का स्वागत है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं का उल्लंघन स्वीकार्य नहीं है।

वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल अरोड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक पदों का अपमान करने का रहा है। वहीं, वरिष्ठ नेता विशाल गर्ग ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से बयान पर स्पष्टीकरण देने और राजनीतिक संवाद में शालीनता एवं मर्यादा बनाए रखने की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, अभिनव चौहान, धर्मेंद्र चौहान, अरविंद कुशवाहा, एजाज हसन, मनोज गौतम, राजकुमार अरोड़ा, रेशु चौहान, गौरव वर्मा, वीरेंद्र सिंह, देवकीनंदन पुरोहित, सूर्यकांत सैनी, भोला शर्मा, शाहिद, पंकज बागड़ी, विपिन शर्मा, अश्वनी कुमार, कमल प्रधान, संगीता प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला