home page

यमुना कॉलोनी में अवैध मजार पर चला बुलडोजर

 | 
यमुना कॉलोनी में अवैध मजार पर चला बुलडोजर


देहरादून, 06 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार रात देहरादून की वीआईपी और पॉश यमुना कॉलोनी में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, कॉलोनी वासियों की शिकायत पर मामले की जांच की गई थी। इसके बाद संबंधित अवैध संरचना को हटाने के लिए करीब एक माह पहले नोटिस चस्पा कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद बीती रात प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध मजार को ध्वस्त कर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान स्थल पर किसी प्रकार के अवशेष नहीं मिले। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से बनाई गई संरचनाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हर हाल में हटाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नोटिस मिलने पर स्वयं अतिक्रमण हटा लें, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय