ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट सत्र शुरू
गैरसैंण, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया।
आज सुबह 11 बजे सत्र का शुभारम्भ सदन में वन्दे मातरम् के गायन से किया गया। सदन में सोमवार को जैसे ही लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपना अभिभाषण पढ़ना शुरू किया, सदन का माहौल गरमा गया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सत्र का संचालन संसदीय परंपराओं के तहत करने की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस विधायक वेल में पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी के बीच राज्यपाल अपना अभिभाषण पढ़ते रहे। कुछ समय बाद विपक्षी सदस्यों ने विरोध स्वरूप राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार करते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।
सत्र में धामी सरकार दोपहर तीन बजे आगामी वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। कार्यमंत्रणा समिति की सिफारिश के अनुसार, सत्र के अगले दिन मंगलवार (10 मार्च) को अध्यादेशों का सदन में पटल पर रखा जाना, राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा और विधायी कार्य किए जाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सोमवार को विधानसभा मंडप के बाहर कानून व्यवस्था समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
उन्होंने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है और सरकार इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए, पुलिस तंत्र को मजबूत किया जाए और जनहित से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल सहित अन्य विधायकगण भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

