home page

बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा में शामिल, महेंद्र भट्ट—बोले फिर टूटेगा मिथक

 | 
बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा में शामिल, महेंद्र भट्ट—बोले फिर टूटेगा मिथक


देहरादून, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नाथीराम के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने इस मौके पर दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हरिद्वार में भी पार्टी की जीत का रास्ता खुलेगा और प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

भाजपा के बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा के अनुभवी नेताओं और कार्यकर्ताओं का पार्टी में शामिल होना विकास के प्रति उनके भरोसे को दर्शाता है।

भट्ट ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश में दोबारा सत्ता में न लौटने का मिथक तोड़ा था, लेकिन हरिद्वार में पार्टी ऐसा नहीं कर सकी थी। उन्होंने दावा किया कि इस बार हरिद्वार में भी भाजपा को अधिक सीटें मिलेंगी और प्रदेश में पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों को पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार, आवास, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विपक्ष पर लोगों को डराकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भाजपा में शामिल हुए डॉ. नाथीराम ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक बसपा में रहे हैं, लेकिन अब वह और उनके साथ आए लोग प्रदेश के विकास और सुशासन के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

भाजपा में शामिल होने वालों में जिला प्रभारी फकीरचंद, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व जिला प्रभारी विक्रम सिंह, पूर्व लोकसभा प्रभारी अधिवक्ता पदम सिंह, पूर्व विधानसभा प्रभारी सोमपाल प्रधान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार और प्रदेश सचिव राम सिंह कश्यप सहित कई नेता शामिल रहे।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व सांसद हरपाल साथी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, हरिद्वार जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा और भोगपुर मंडल अध्यक्ष सुशील पंवार मौजूद रहे।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय