home page

नीति घाटी में भारी बारिश से तमक नाला उफना, वैली ब्रिज बहा

 | 

चमोली, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले पर बना वैली ब्रिज बह गया, जिससे नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज अत्यधिक जल प्रवाह के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है हालांकि, इसकी तत्काल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके के लिए रवाना किया। सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी में जुटी हैं।

तमक नाले में जल प्रवाह बढ़ने के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को नदी-नालों से दूर रहने व सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल