लापता बालक को पुलिस ने किया सकुशल बरामद
हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए 10 वर्षीय लापता बालक को सकुशल बरामद कर बुधवार को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार 7 जून को विरेन्द्र पुत्र पन्नालाल निवासी ग्राम हुसैनपुर, थाना कुमरगांव, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी रघुनाथ कॉलोनी, भगवानपुर ने थाना भगवानपुर पहुंचकर अपने नाबालिग पुत्र के घर से बिना बताए कहीं चले जाने और वापस न लौटने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
इस मामले में गठित विशेष पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया और पुलिस के विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में प्रसारित की।
लगातार दो दिनों तक चले सघन खोज अभियान के बाद पुलिस टीम ने अमन कॉलोनी सिसौना क्षेत्र से बच्चे को लावारिस घूमते हुए बरामद कर लिया।
पुलिस बच्चे को सुरक्षित थाना भगवानपुर लेकर पहुंची।
उसके माता-पिता को बुलाकर थाने में परिवार की काउंसलिंग की गई तथा बच्चे को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित देखकर माता-पिता की आंखें नम हो गईं और उन्होंने हरिद्वार पुलिस की मानवीय एवं सराहनीय कार्यवाही के लिए दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

