home page

गेस्ट हाउस में फंदे से झूलता मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर का शव

 | 
गेस्ट हाउस में फंदे से झूलता मिला मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर का शव


हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में गुरुवार सुबह मुजफ्फरनगर निवासी 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव कमरे में मिला। घटना की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। किसी बात को लेकर युवती से उसकी अनबन हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।

बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर अपनी जान देने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल के जरिये आतिफ के भाई को घटना दिखाई। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची, जहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला