home page

विश्व रक्तदाता दिवस पर दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर

 | 
विश्व रक्तदाता दिवस पर दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर


हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को कनखल स्थित दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ ऑर्थो एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंघल के संयोजन व मां गंगे ब्लड बैंक, जगजीतपुर के सहयोग से आयोजित शिविर में 40 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर का उद्घाटन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनने की प्रक्रिया से स्वास्थ्य लाभ भी होता है।

वरिष्ठ ऑर्थो एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. राकेश कुमार सिंघल ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन से चार लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। रक्त से लाल रक्त कणिकाएं (आरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे विभिन्न घटकों को अलग कर जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है।

कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, आईएमए हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, सचिव डॉ. प्रेम लूथरा, डॉ. नीता मेहरा, डॉ. अनु लूथरा, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. रविकांत शर्मा, डॉ. अक्षय शर्मा, सुमित यशकल्याण, प्रतीक गुप्ता, निखिल वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) भेल हरिद्वार के कमांडेंट दीपक बडोला, असिस्टेंट कमांडेंट शैलेंद्र सिंह धाकड़ तथा अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। शिविर के सफल आयोजन में मां गंगे ब्लड बैंक, दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल के स्टाफ, सीआईएसएफ भेल हरिद्वार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला