home page

प्रेस क्लब अध्यक्ष से अभद्रता पर फूटा गुस्सा, दी चेतावनी

 | 
प्रेस क्लब अध्यक्ष से अभद्रता पर फूटा गुस्सा, दी चेतावनी


हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। लक्सर तहसील परिसर में पत्रकारों और एक सरकारी कर्मचारी के बीच हुआ विवाद शुक्रवार को बड़ा मुद्दा बन गया। तहसील में तैनात नाजिर श्याम सिंह रावत पर लक्सर प्रेस क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद पत्रकारों ने तहसील परिसर में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

बताया गया कि प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी किसी कार्य से तहसील पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान नाजिर पद पर तैनात कर्मचारी ने उनके साथ बदसलूकी की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार तहसील परिसर में जुट गए और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पत्रकारों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पत्रकारों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी तहसील पहुंच गए। यूनियन ने मीडिया कर्मियों के साथ प्रदर्शन करते हुए उप जिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन सौंपा और आरोपी कर्मचारी को तत्काल हटाने की मांग की।

पत्रकारों का कहना था कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान है।

दिनभर चले प्रदर्शन में प्रेस क्लब संरक्षक रजनीश धीमान, अध्यक्ष प्रवीण सैनी, सचिव, जाने आलम, उपाध्यक्ष फिरोज अहमद, गोविंद चौधरी, कमल धीमान, दीपक कुमार, कृष्णकांत शर्मा, फारूक अली सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला