बहनों ने बांधी राखी, रोहन ने दिया सशक्तिकरण का संदेश
हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सहगल ने गुरुवार को अपने निवास गोपाल धाम देवपुरा में रक्षाबंधन मिलन समारोह आयोजित किया। बड़ी संख्या में बहनों ने उन्हें राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में एनसीटीई सदस्य रश्मि चौहान विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने महिला सम्मान और शिक्षा के महत्व पर विचार रखे।
रोहन सहगल ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। हर बेटी को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। राखी का हर धागा स्नेह और विश्वास का प्रतीक है, बहनों का सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा गया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वयं सहायता समूह और नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। हर बेटी को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिलाने के लिए मिलकर प्रयास जरूरी हैं।
समारोह में बहनों को उपहार भी दिए गए। अंत में सहगल ने सभी का आभार जताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

