home page

भाजपा स्थापना दिवस पर  वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा सम्मानित

 | 
भाजपा स्थापना दिवस पर  वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा सम्मानित


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के पंचायती राज एवं आयुष मंत्री मदन कौशिक ने हरिद्वार में पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं जनसंघ काल के वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा को उनके आवास पर पहुंचकर माल्यार्पण कर सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मदन कौशिक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है और सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की इस यात्रा में राजकुमार अरोड़ा जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष तुशांक भट्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, मंडल महामंत्री गौरव वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला