home page

महिला अधिकारों पर विपक्ष की राजनीति ‘महापाप’ : मुख्यमंत्री धामी

 | 
महिला अधिकारों पर विपक्ष की राजनीति ‘महापाप’ : मुख्यमंत्री धामी


देहरादून, 24 अप्रैल (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक महिला जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार दिलाने के प्रयासों को लोकसभा में विफल करना 'देश के साथ महापाप' के समान है।

यहांं परेड ग्राउंड पर आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर देहरादून तक पदयात्रा की। मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कदमों को राजनीतिक कारणों से बाधित किया गया। इस तरह के मुद्दों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लिए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक आवश्यकता नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की अनिवार्य शर्त है। ऐसे में इस दिशा में होने वाले प्रयासों को रोकना या कमजोर करना राष्ट्रहित के खिलाफ है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के अभाव में यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को बाधित करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं, जिनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना और लखपति दीदी योजना शामिल हैं। उन्होंने तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने को भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही, महिलाओं की सुरक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी, रश्मि रस्तोगी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय