हरिद्वार की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में बनेगी 2027 के चुनाव की रणनीति: त्रिवेंद्र
हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की ओर से हरिद्वार में आयोजित होने वाली विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर मंथन होगा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस बैठक के माध्यम से 2027 के चुनाव में जीत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।
गुरुवार को प्रेमनगर आश्रम में कार्यसमिति स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि 21 नवंबर को पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित होंगी, जबकि 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचकर बैठक में प्रतिभाग करेंगे।
इस दौरान सांसद ने आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कार्यसमिति में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
निरीक्षण एवं बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, सुशील त्यागी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, संजीव चौधरी, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, गौरव वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

