home page

संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, समरसता संकल्प अभियान के चौथे चरण की तैयारियों पर मंथन

 | 
संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, समरसता संकल्प अभियान के चौथे चरण की तैयारियों पर मंथन


देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के चौथे चरण को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों और यात्रा के दौरान अधिक से अधिक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और मानवता का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के चौथे चरण की यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर उत्तराखंड पहुंचेगी। उन्होंने प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से यात्रा के स्वागत के साथ ही संत समाज, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने को कहा। आर्य ने कहा कि सामाजिक एकता, सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं समानता, सम्मान, सहयोग और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्र और सशक्त समाज के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच परस्पर सम्मान और सद्भाव आवश्यक है।

भट्ट ने कहा कि ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के चौथे चरण के माध्यम से संत रविदास के विचारों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने को कहा।

बैठक के अंत में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और संत रविदास के समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक बृजभूषण गैरोला, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीपित रावत, मीना गंगोला, विनोद कुमार, स्वराज विद्वान, देशराज, सुमेरचंद और ओमप्रकाश भुजवान समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय