home page

हरीश धामी के कथित धमकी भरे बयान पर कांग्रेस नेतृत्व अपना रुख स्पष्ट करे : राजेश शुक्ला

 | 
हरीश धामी के कथित धमकी भरे बयान पर कांग्रेस नेतृत्व अपना रुख स्पष्ट करे : राजेश शुक्ला


-भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा- लोकतंत्र में बैलेट की ताकत चलेगी, बुलेट की नहीं-कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित विधायक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी के कथित अमर्यादित आचरण और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जान से मारने तथा नरबलि देने संबंधी धमकी पर कांग्रेस नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा, धमकी और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। लोकतंत्र में बैलेट की ताकत चलेगी, बुलेट की नहीं।

सोमवार को अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में शुक्ला ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से सवाल किया कि क्या विधायक हरीश धामी का कथित आचरण और बयान कांग्रेस की आधिकारिक राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है? उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस इन बयानों से सहमत नहीं है तो उसे संबंधित विधायक के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। नेतृत्व की चुप्पी से जनता में गलत संदेश जाएगा।

शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत स्वाभाविक प्रक्रिया है और राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए। चुनाव विकास, नीतियों और विचारों के आधार पर लड़े जाते हैं, न कि गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों के जरिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से दूर रहने की हताशा कांग्रेस के कुछ नेताओं के व्यवहार में दिखाई दे रही है।

अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत पंतनगर एयरपोर्ट के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। उस समय वह क्षेत्र के विधायक होने के बावजूद विपक्ष में थे और कार्यक्रम की अध्यक्षता उन्हें करनी थी, लेकिन मंच पर बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बावजूद उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की और संवैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने कहा कि यदि हरीश धामी को किसी सरकारी कार्यक्रम में सम्मान नहीं मिला या बोलने का अवसर नहीं दिया गया तो वह भी मीडिया, विधानसभा अध्यक्ष अथवा संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकते थे। शुक्ला के अनुसार, संबंधित कार्यक्रम में धामी का स्वागत किया गया था और मुख्यमंत्री ने भी अपने संबोधन में उनका नाम सम्मानपूर्वक लिया था। समयाभाव के कारण संबोधन का अवसर नहीं मिलना हिंसक व्यवहार का आधार नहीं हो सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन है। कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री के वर्ष 2022 के चुनाव परिणाम का उल्लेख करते हैं, लेकिन चंपावत उपचुनाव में उन्हें मिले भारी जनसमर्थन पर चुप रहते हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह अपने मुख्यमंत्री पद के दावेदार को ऊधम सिंह नगर की किसी सीट से चुनाव लड़ाकर देखे, जनता का समर्थन स्पष्ट हो जाएगा।

शुक्ला ने जसपुर और किच्छा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट तथा अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति को हिंसा में बदलना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

मुख्यमंत्री को दी गई कथित धमकियों के संबंध में कानूनी कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार, सरकारी कार्यक्रम में हुई घटना को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। कानून अपना काम करेगा और न्यायालय अपना निर्णय देगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसे आचरण का जवाब अपने मताधिकार से देगी।

शुक्ला ने कहा कि भारत की जनता ने आपातकाल के दौर में भी लोकतंत्र और जनशक्ति की ताकत दिखाई है। जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था के साथ खड़ी रही है तथा हिंसा की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड की जनता खड़ी है और भाजपा विचारों, विकास तथा जनसेवा की राजनीति में विश्वास करती है। शुक्ला ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश के लाखों लोग प्यार करते हैं, क्या कांग्रेस या उसके तथाकथित गुंडा नेता उन सभी की बलि चढ़ाएंगे?------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय