home page

राहुल गांधी युवाओं के सामने सनातन की नकारात्मक छवि गढ़ने में जुटे : महेंद्र भट्ट

 | 
राहुल गांधी युवाओं के सामने सनातन की नकारात्मक छवि गढ़ने में जुटे : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर तीखा पलटवार करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता युवाओं के बीच सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की नकारात्मक छवि गढ़ने का राजनीतिक अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हिंदू धर्म और उसके ग्रंथों को निशाना बनाना कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा है।

महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि राहुल गांधी को भारतीय परंपरा, संस्कृति और हिंदू धर्मशास्त्रों पर टिप्पणी करने से पहले उनके मूल स्वरूप और संदर्भ का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सनातन की व्यापक परंपरा और हिंदू धर्मशास्त्रों को समझने के लिए राहुल गांधी को कई जन्म भी कम पड़ जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति को निशाना बनाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने से लेकर राम मंदिर निर्माण का विरोध करने तक कांग्रेस का रवैया सनातन विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और सहयोगियों की ओर से सनातन धर्म को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों को जनता पहले ही चुनावों में खारिज कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस ने कोई सबक नहीं लिया और अब युवाओं को हिंदू धर्म और उसके ग्रंथों के बारे में भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। भट्ट ने राहुल गांधी के पुणे में छात्र संवाद कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक ग्रंथों और भारतीय संस्कृति को कटघरे में खड़ा करना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

श्री भट्ट ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस की आलोचना का केंद्र बार-बार हिंदू धर्म और उसके ग्रंथ ही क्यों रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अन्य धार्मिक समुदायों से जुड़े रूढ़िवादी मुद्दों पर जानबूझकर चुप रहती है, जबकि हिंदू धर्म और संस्कृति को निशाना बनाने में कोई अवसर नहीं छोड़ती।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कथित राजनीतिक प्रोपेगेंडा देश की युवा पीढ़ी को प्रभावित नहीं कर पाएगा। भट्ट ने दावा किया कि सनातन,सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी विचारों से जुड़े लोग लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के इस रुख को पूरी तरह नकार देगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय