home page

राहुल का कार्यक्रम पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट, छात्रों का समय खराब करने वाला ड्रामा : महेंद्र भट्ट

 | 
राहुल का कार्यक्रम पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट, छात्रों का समय खराब करने वाला ड्रामा : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट का हिस्सा बताते हुए कहा कि यह छात्रों का कीमती समय खराब करने वाला ड्रामा भर था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने छात्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय पुराने आरोपों और भ्रम फैलाने का प्रयास किया।

शुक्रवार को जारी बयान में भट्ट ने कहा कि आज का दिन नीट परीक्षा में सफल 11 लाख से अधिक छात्रों का उत्साहवर्धन करने का था, लेकिन राहुल गांधी ने रटे-रटाए आरोप दोहराने में समय व्यतीत किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संबोधन में ऐसा कुछ नया नहीं था, जिससे लगे कि वे विदेश दौरे से कोई नया दृष्टिकोण लेकर लौटे हैं।

भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के कंधों पर राजनीति कर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पूछे गए सवाल और दिए गए जवाब पहले से तय थे तथा इसे राजनीतिक उद्देश्य से आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में हुए कथित भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों और राजस्थान की तत्कालीन कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने रिकॉर्ड पर भी सफाई देनी चाहिए।

भट्ट ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कठोर नकल निरोधक कानून लागू कर पेपर लीक और नकल माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 34 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां की गई हैं और सैकड़ों आरोपित जेल भेजे गए हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के प्रयासों के चलते उत्तराखंड को डीपीआईआईटी की स्टार्टअप रैंकिंग में 'लीडर' श्रेणी प्राप्त हुई है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य से किसी को खिलवाड़ नहीं करने देगी और कांग्रेस के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य का युवा खोखले वादों के बजाय विकास और पारदर्शी शासन पर विश्वास करता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय