home page

जेनी प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर महेंद्र भट्ट ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग की

 | 
जेनी प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर महेंद्र भट्ट ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग की


देहरादून, 07 नवम्बर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर जेनी की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि महिला सम्मान और न्याय की बात करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

भट्ट ने कहा कि जेनी ने आरोप लगाया है कि 16 वर्ष की उम्र में उनका शोषण किया गया और उनके साथ दो महीने तक दुष्कर्म हुआ। उन्होंने कहा कि करीब 23 वर्ष बाद जेनी न्याय की मांग कर रही हैं और उनके आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जेनी ने अपने 23 वर्षीय बेटे के डीएनए परीक्षण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा जांच की मांग की है। इस शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

भट्ट ने कहा कि हरक सिंह रावत कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि गंभीर आरोपों के बावजूद उन्हें यह जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से रावत से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण मांगने और जांच पूरी होने तक उन्हें जिम्मेदारी से हटाने पर विचार करने को कहा।

भाजपा नेता ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या पार्टी जेनी को न्याय दिलाने के लिए भी इसी तरह का अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि महिला न्याय के मामले में उसका दृष्टिकोण सभी के लिए समान है या नहीं।

भट्ट ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है तथा जेनी की शिकायत और डीएनए जांच से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय