home page

नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं में चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

 | 
नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं में चुनावी रणनीति पर होगा मंथन


देहरादून, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। पार्टी संगठन इसे वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। दौरे के दौरान बूथ से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का विस्तृत फीडबैक राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ साझा किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। इस दौरान वे संगठन और सरकार की विभिन्न बैठकों में भाग लेकर जमीनी स्तर पर चल रहे सांगठनिक कार्यों, राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीतियों की समीक्षा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे, वहीं प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों से भी संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कोर ग्रुप और सरकार के मंत्रियों के साथ राज्य में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 30 मई को अपना उत्तराखंड दौरा पूरा कर दिल्ली लौटेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को सादगी, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री के कार्यकाल में प्रदेश में विकास और संगठन दोनों मजबूत हुए हैं। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन भाजपा की चुनावी तैयारियों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय