home page

इंडिया एलाइंस को माफ नहीं करेंगी महिलाएं-अलका गुर्जर

 | 
इंडिया एलाइंस को माफ नहीं करेंगी महिलाएं-अलका गुर्जर


हरिद्वार, 23 अप्रैल (हि.स.)।संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पारित नहीं होने के बाद से भाजपा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रही है। बृहष्पतिवार को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री अलका गुर्जर ने हरिद्वार में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस पर हमला बोला।

आज एक होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान अलका गुर्जर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने के साथ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने नारी शक्ति का भी अपमान किया है।उन्होंने कहा कि महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाले इंडिया एलाइंस को महिलाएं माफ नहीं करेंगी। राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को उचित सम्मान देना चाहते थे। लेकिन इंडिया एलाइंस के विरोध के चलते प्रस्ताव पास नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि हक एवं सम्मान का जीवन भाजपा पार्टी ही महिलाओं को दे सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उज्ज्वला योजना, मुद्रा लोन, लखपति दीदी जैसी अनेक योजनाएं महिलाओं के लिए चलाई गई है। जिससे देश की महिलाएं रोजगार की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया एलाइंस ने देश की आधी आबादी को दबाने का काम किया है।

इस दौरान मेयर किरण जैसल भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट,धर्मेंद्र चौधरी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला