home page

राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा,मिशन 2027 में जीत की कुंजी बनेगा : महेंद्र भट्ट

 | 
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा,मिशन 2027 में जीत की कुंजी बनेगा : महेंद्र भट्ट


-भगत दा से प्रेरणा लेकर राजनीति छोड़ समाजसेवा करें हरीश रावत : भट्ट-राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय

देहरादून, 25 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा मिशन—2027 की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन आगामी विधानसभा चुनावों में जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला मोर्चा द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष यदि बूथ स्तर तक संवाद करता है, तो यह भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और कार्यशैली को दर्शाता है।

भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के तीन दिवसीय प्रवास के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों की जिम्मेदारियां भी तय कीं। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को स्वागत, बैठक प्रबंधन, मीडिया समन्वय और संगठनात्मक कार्यक्रमों की अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवास के प्रथम दिवस राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम, कोर कमेटी एवं मंत्रियों की बैठकों की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को सौंपी गई है,जबकि आगमन एवं प्रस्थान व्यवस्था की जिम्मेदारी नलिन भट्ट को दी गई है।

दूसरे दिन मुख्यमंत्री आवास एवं दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी के आवास संबंधी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सिद्धार्थ अग्रवाल को दी गई है। सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की जिम्मेदारी कुंदन परिहार को सौंपी गई है। प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक की जिम्मेदारी शैलेंद्र बिष्ट को दी गई है। वहीं महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक का दायित्व तरुण बंसल को सौंपा गया है।मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम की जिम्मेदारी मनवीर सिंह चौहान को दी गई है।

प्रवास के अंतिम दिन टपकेश्वर मंदिर दर्शन कार्यक्रम की जिम्मेदारी सिद्धार्थ अग्रवाल, बूथ अध्यक्ष के घर जलपान कार्यक्रम की जिम्मेदारी सुरेंद्र राणा,बूथ समिति बैठक की जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रबुद्ध गोष्ठी की जिम्मेदारी विनय रूहेला और युवा संवाद कार्यक्रम की जिम्मेदारी आदित्य चौहान को सौंपी गई है।

महेंन्द्र भटृ ने कहा कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का यह तात्कालिक प्रभाव है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन के कारण लंबे समय तक जनता पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने दिया गया।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिस प्रकार भगत सिंह कोश्यारी सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं, उसी तरह हरीश रावत को भी भगत सिंह कोश्यारी से प्रेरणा लेकर सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर समाजसेवा की दिशा में कार्य करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच हरीश रावत की विश्वसनीयता और कांग्रेस पार्टी में उनकी राजनीतिक अहमियत लगभग समाप्त हो चुकी है। ऐसे में उन्हें सक्रिय राजनीति से किनारा कर सामाजिक योगदान बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय