भाजपा के विस्तारक और विधानसभा प्रभारी बूथों को मजबूत करने में जुटेंगे : महेंद्र भट्ट
-नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति का स्वागत किया
काशीपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के विस्तारक और विधानसभा प्रभारी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति का भी स्वागत किया।
महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को विस्तारक कार्यशाला के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए विस्तारक और विधानसभा प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। ये कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने के लिए काम करेंगे। कार्यशाला में संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ बूथ प्रबंधन को और बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की जा रही है। इसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और अनुभवी नेताओं से मार्गदर्शन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का अंतर बढ़ाने और लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य को हासिल करने में विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ.ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिसेन अनुभवी राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं तथा मध्य प्रदेश में वरिष्ठ नेता और सांसद के रूप में कार्य कर चुके हैं। भट्ट ने उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

