home page

सत्ता परिवर्तन का अधिकार मतदाताओं को,अराजकता से नहीं : महेंद्र भट्ट

 | 
सत्ता परिवर्तन का अधिकार मतदाताओं को,अराजकता से नहीं : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर देश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन का अधिकार केवल मतदाताओं को है और अराजकता से सत्ता के द्वार नहीं खुलते।

महेंद्र भट्ट ने यहां जारी बयान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में असफलता के बाद विपक्ष कभी ईवीएम तो कभी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है। उन्होंने विपक्षी नेताओं के उच्चतम न्यायालय परिसर में प्रदर्शन को अनुचित बताते हुए आरोप लगाया कि यह न्यायिक प्रक्रिया पर दबाव बनाने का प्रयास है।

अध्यक्ष ने विपक्ष के कुछ नेताओं के सत्ता परिवर्तन संबंधी बयानों पर चिंता जताते हुए कांग्रेस पर विदेशी शक्तियों के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार का गठन चुनाव के माध्यम से होता है और सभी राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने के बाद से कांग्रेस केंद्र की सत्ता में वापसी नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक असफलता से निराश कांग्रेस नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी सरकार का फैसला प्रदेश के मतदाता ही करेंगे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया से इतर सत्ता हासिल करने की किसी भी कोशिश को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय