home page

तीसरे रविवार शक्ति केंद्र बैठक अनिवार्य, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार: धर्मेंद्र चौहान

 | 
तीसरे रविवार शक्ति केंद्र बैठक अनिवार्य, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार: धर्मेंद्र चौहान


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। भाजपा की हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के जमालपुर मंडल अंतर्गत बिशनपुर कुंडी शक्ति केंद्र पर आयोजित बैठक में संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इन बैठकों में शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी तथा वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। चौहान ने कहा कि हर माह के अंतिम रविवार को बूथ स्तर पर बैठक आयोजित कर मन की बात कार्यक्रम सुना जाएगा तथा उसकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाएगा।

वरिष्ठ भाजपा नेता कुंवर पाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है और जनता भाजपा की नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में राज्य में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी।

बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्र किरण सिंह, अनुज पाल, नवीन पाल, चमन प्रधान, सनी प्रधान, जॉनी कुमार, विकास पाल और राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला