home page

योग्यता और समर्पण के आधार पर मिलेगा टिकट, सार्वजनिक दावेदारी अनुशासनहीनता: महेंद्र भट्ट

 | 
योग्यता और समर्पण के आधार पर मिलेगा टिकट, सार्वजनिक दावेदारी अनुशासनहीनता: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 29 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि पार्टी विधानसभा चुनाव सहित किसी भी चुनाव में टिकट वितरण के दौरान योग्य, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। टिकट की दावेदारी को लेकर सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर बयानबाजी पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

महेंद्र भट्ट ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है,लेकिन उसके प्रकटीकरण के लिए पार्टी में निर्धारित प्रक्रिया और मंच है। किसी कार्यकर्ता की यदि कोई इच्छा,दावेदारी या सुझाव है तो उसे उचित समय पर संगठन के समक्ष आंतरिक रूप से रखना चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया से अलग जाकर सार्वजनिक रूप से दावेदारी करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया में कुछ नेताओं की ओर से दावेदारी संबंधी बयान सामने आने से राज्य से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक नाराजगी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठनात्मक मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिद्धांतों पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है,जिसकी मूल भावना 'राष्ट्र प्रथम,संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम'है। इसी विचारधारा और अनुशासित कार्यशैली ने पार्टी को मजबूत बनाया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित अनुशासित राजनीतिक दल है,जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। हालांकि इसके लिए संगठन में निर्धारित मंच और प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है।

उन्होंने दोहराया कि पार्टी सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और टिकट वितरण का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में योग्यता, संगठन के प्रति समर्पण और निर्धारित संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर लिया जाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन हित को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी कि अनुशासन के विरुद्ध जाने वालों के खिलाफ पार्टी आवश्यक होने पर कड़ी कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता व्यक्तिगत प्रचार नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करना होना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय