home page

एक-एक वोट और बूथ पर फोकस कर उत्तराखंड को भाजपा का अभेद किला बनाएं : तरुण चुग

 | 
एक-एक वोट और बूथ पर फोकस कर उत्तराखंड को भाजपा का अभेद किला बनाएं : तरुण चुग


-2027 की महाविजय के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें :पुष्कर सिंह धामी

देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड को भाजपा का अभेद किला बनाना और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अब तक की सर्वाधिक सीटें जीतना है।

हरिद्वार रोड स्थित कुंआवाला में आयोजित संगठनात्मक बैठक में तरुण चुग ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में अनुकूल माहौल है और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संवैधानिक प्रक्रिया में सहयोग करते हुए त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार कराने में भी संगठन की अहम भूमिका है।

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में अनुकूल वातावरण है और जनता पार्टी को समर्थन देना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वोट सुनिश्चित कर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में अब तक की सर्वाधिक सीटों पर जीत दर्ज करना है।

तरुण चुग ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार की उपलब्धियों के बल पर उत्तराखंड में सत्ता के बारी-बारी से बदलने की परंपरा टूटी है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करते हुए त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार, असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रदर्शन से यह रणनीति सफल साबित हुई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि इसी रणनीति से देवभूमि को भाजपा का अभेद गढ़ बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से 'जहां कम, वहां हम' के संकल्प के साथ अपनी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में महाविजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी क्षमता के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए चुनावी प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इसकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी त्रुटिरहित मतदाता सूची है। कार्यकर्ताओं को बीएलओ-2 के माध्यम से घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में शामिल हों।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में भाजपा संवैधानिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी।

बैठक में पूर्व सांसद एवं एसआईआर टीम के केंद्रीय सदस्य जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और प्रकाश तंवर ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

बैठक में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल,कल्पना सैनी,प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार,दीप्ति रावत, तरुण बंसल कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत,मदन कौशिक,गणेश जोशा, खजान दास,सौरव बहुगुणा,राम सिंह कैडा,भरत चौधरी,प्रदीप बत्रा समेत विधायक मुन्ना सिंह चौहान,विनोद कंडारी, प्रेमचंद अग्रवाल,आदेश चौहान,सहदेव पुंडीर,बृजभूषण गैरोला आदि और प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय