home page

2027 के चुनावी मोर्चे पर भाजपा की नजर, 70 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ प्रबंधन मजबूत करने की तैयारी

 | 
2027 के चुनावी मोर्चे पर भाजपा की नजर, 70 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ प्रबंधन मजबूत करने की तैयारी


-काशीपुर में विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों की कार्यशाला शुरू, राम माधव समेत वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन

काशीपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। काशीपुर में मंगलवार को पार्टी की दो दिवसीय विधानसभा विस्तारक एवं विधानसभा प्रभारी कार्यशाला शुरू हुई। इसमें प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त विस्तारक और प्रभारी संगठन की मजबूती,बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।

कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन वी.सतीश और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। इसी उद्देश्य से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारक और प्रभारी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित होकर काम करेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला में सांगठनिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ बूथ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाना है।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि पहले दिन विधानसभा विस्तारकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। बुधवार को विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों का संयुक्त मार्गदर्शन सत्र होगा। इसमें आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर संगठन की तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व का जोर कार्यकर्ताओं को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर है। कार्यशाला में वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों के आधार पर विस्तारकों और प्रभारियों को संगठनात्मक कार्यों की दिशा और प्राथमिकताओं से अवगत कराया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय